रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में लगातार 10 दिनों तक अव्यवस्था झेलने के बाद संचालित होने वाली हवाई सेवाएं अब धीरे-धीरे सामान्य हो गई हैं। मुंबई को छोड़कर देश के अन्य प्रमुख शहरों से आने-जाने वाली लगभग सभी फ्लाइटें तय समय पर संचालित हो रही हैं, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली है।हालांकि मुंबई-रायपुर-मुंबई रूट की शाम 5 बजे आने वाली एक फ्लाइट अभी भी रद्द है, लेकिन विमानतल प्रबंधन से जुड़े सूत्रों के अनुसार रविवार से इसके भी नियमित रूप से शुरू होने की संभावना है।
इंडिगो की फ्लाइट सबसे ज्यादा रहीं प्रभावित:
रायपुर एयरपोर्ट से सबसे अधिक उड़ानों का संचालन करने वाली इंडिगो एयरलाइंस की कई फ्लाइटें बीते 10 दिनों से प्रभावित थीं। विमानों की कमी के चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।बुधवार के बाद रायपुर से संचालित होने वाली 27 से 30 नियमित उड़ानों में से तीन फ्लाइट लगातार स्थगित हो रही थीं। शनिवार को स्थिति में सुधार देखने को मिला और रद्द होने वाली उड़ानों की संख्या घट गई। रविवार को केवल मुंबई की एक फ्लाइट को छोड़कर बाकी सभी शहरों के लिए उड़ान सेवाएं सुचारू रहीं।
दिल्ली और बेंगलुरु की फ्लाइट देरी से पहुंचीं:
शनिवार को दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट और बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइट अपने निर्धारित समय से लगभग एक घंटे की देरी से रायपुर पहुंची। विमानतल अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल एयरपोर्ट पर यात्रियों को किसी भी तरह की बड़ी परेशानी नहीं हो रही है। यात्रियों की समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय अधिकारियों को तैनात किया गया है।
फिलहाल नियंत्रण में है हवाई किराया:
फ्लाइट संचालन सामान्य होने के बावजूद विंटर सीजन के हिसाब से यात्रियों की संख्या अभी कम बनी हुई है। केंद्र सरकार के प्राइस कैप के अनुसार 500 किमी तक – ₹7,500, 1000 किमी तक – ₹12,000, 1500 किमी तक – ₹15,000, उससे अधिक दूरी – ₹18,000 हैं, फिलहाल इन तय सीमाओं और मौजूदा किराए में ज्यादा अंतर नहीं देखा जा रहा है। हालांकि छुट्टियों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने पर किराए में इजाफा हो सकता है।
अंबिकापुर-रायपुर फ्लाइट पर अभी ब्रेक:
क्षेत्रीय उड़ान योजना के तहत अंबिकापुर-रायपुर-बिलासपुर रूट पर चलने वाली फ्लाय बिग एयरलाइंस की फ्लाइट फिलहाल नियमित नहीं हो पाई है। छोटे आकार के एयरक्राफ्ट के संचालन पर अस्थायी रोक लगाई गई है। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में इस सेवा को फिर से शुरू किया जा सकता है। वहीं, जगदलपुर-रायपुर रूट पर नई उड़ान सेवा शुरू करने की भी तैयारी की जा रही है।
10 दिन की परेशानी के बाद रायपुर एयरपोर्ट की हवाई सेवाएं अब लगभग पूरी तरह पटरी पर लौट आई हैं। यात्रियों को न सिर्फ समय पर फ्लाइट मिल रही है, बल्कि किराया भी फिलहाल नियंत्रण में है।
रायपुर से प्रमुख शहरों का मौजूदा हवाई किराया:
रायपुर-दिल्ली: ₹7,500 – ₹10,000
रायपुर-मुंबई: ₹10,000 – ₹12,000
रायपुर-कोलकाता: ₹8,700 – ₹9,000
रायपुर-हैदराबाद: ₹7,700 – ₹9,200
रायपुर-पुणे: ₹9,500
रायपुर-बेंगलुरु: ₹9,500 – ₹12,000